डीजे पर आपत्तिजनक गाने बजे तो करवाई तय: एसडीएम
गणेश उत्सव-दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली परिसर में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी काव्या सी. ने की। बैठक में सभी धर्मों के धर्मगुरु,गणेश उत्सव आयोजक तथा नगर के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि इस बार नगर में गणेश उत्सव के दौरान सात स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। एसडीएम ने आयोजकों को निर्देश दिए कि उत्सव के दौरान डीजे की आवाज निर्धारित मानक के अनुरूप ही रखी जाए। रात 10 बजे के बाद डीजे बंद कर दिया जाए और सुबह भी निर्धारित समय से पहले इसे शुरू न किया जाए। आपत्तिजनक गाने बजाने से भी आयोजक बचें। स्कूल और अस्पताल के आसपास आयोजन होने पर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि सभी आयोजक अपने आयोजन की जानकारी थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं। उन्होंने पीओपी की प्रतिमाओं का प्रयोग न करने तथा प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों और नहरों में नहीं करने के निर्देश दिए। नगर के समीप निर्धारित स्थान पर गड्ढा बनाकर प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। विसर्जन स्थल पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
विसर्जन जुलूस के दौरान भी डीजे की आवाज धीमी रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
बैठक में नायब तहसीलदार हर्षवर्धन अवस्थी,प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह,कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी तनमय चौधरी,उपनिरीक्षक इदु हसन,नितिन कुमार सहित नगर के तमाम संभ्रांत नागरिक और गणेश उत्सव आयोजक मौजूद रहे।



