श्रम विभाग की आँख मिचौली से नावालिग मजबूर
नाबालिग से कराई जा रही है खुलेआम मजदूरी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत छिमारा रोड पर लोडर से पानी सप्लाई की मजदूरी करने का एक नाबालिग बच्चे का सोशलमीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार,नाबालिग बच्चा 20 लीटर बजनी भरा पानी के कैंपर लेकर घरों और दुकानों तक पहुंचाता दिखाई दे रहा है।
हालांकि स्टार एक्सप्रेस समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है लेकिन स्थानीय लोगों ने नाबालिग से इस तरह काम कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी सप्लाई का काम करने वाले व्यक्ति द्वारा नाबालिग से पानी के कैंपर ढुलवाई की मजदूरी कराई जा रही है। कैंपर का वजन बच्चे के वजन से अधिक दिखाई देने के कारण उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि,मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बाजार की अन्य दुकानों पर में भी ऐसे तमाम नाबालिग बच्चों से मजदूरी का काम कराने के आरोप है,कस्बे के बाजारों में भी नाबालिग बच्चों के दुकानों पर काम करने की स्थिति सार्वजनिक सामने आती रहती है। किराना, जूते-चप्पल समेत अन्य प्रतिष्ठानों पर बच्चे सामान उठाने,ग्राहकों को सामान देने और दूसरे काम करते दिखाई देते हैं। कई जगह बच्चे घंटों दुकानों पर काम करते नजर आते हैं। इससे उनकी नियमित शिक्षा प्रभावित हो रही है। जिसके कारण सर्व शिक्षा अभियान को पलीता लग रहा है।
स्थानीय लोगों ने श्रम विभाग और बाल संरक्षण टीम से बाजार में नियमित निगरानी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ उनके संरक्षण के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। जांच में नाबालिगों से श्रम कराने की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी जरूरी है।



