हवाई यात्रियों को बड़ा झटका! इंडिगो ने अचानक बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, आधी रात से महंगे हो जाएंगे टिकट

airfare increase India: त्योहारी और आगामी छुट्टियों के सीजन में हवाई सफर की योजना बना रहे यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो ने जेट फ्यूल (एविएशन टर्बाइन फ्यूल – ATF) की लगातार बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए फ्यूल सरचार्ज में सीधे इजाफा कर दिया है। यह नई दर 6 अक्टूबर 2026 को रात 12:01 बजे से होने वाली सभी नई टिकट बुकिंग पर प्रभावी हो जाएगी। इसका सीधा मतलब यह है कि अगर आप मंगलवार आधी रात के बाद टिकट बुक करते हैं, तो आपको सफर की दूरी और रूट के हिसाब से अतिरिक्त पैसे चुकाने होंगे।
घरेलू उड़ानों पर ₹375 से ₹1,300 तक का अतिरिक्त चार्ज
घरेलू उड़ानों के लिए इंडिगो ने किलोमीटर के हिसाब से स्लैब तैयार किया है। कम दूरी की फ्लाइट्स पर न्यूनतम ₹375 और 2,000 किलोमीटर से अधिक की लंबी दूरी वाली घरेलू उड़ानों पर ₹1,300 तक का फ्यूल सरचार्ज लगेगा।
नए फ्यूल सरचार्ज के तहत घरेलू उड़ानों के किराए में दूरी के हिसाब से बढ़ोतरी की गई है। 0 से 500 किलोमीटर तक के सफर के लिए सरचार्ज को अप्रैल 2026 के ₹275 से बढ़ाकर ₹375 कर दिया गया है, जबकि 501 से 1,000 किलोमीटर की दूरी पर यह शुल्क ₹400 से बढ़कर ₹600 हो गया है। इसी तरह, 1,001 से 1,500 किलोमीटर के दायरे में आने वाली उड़ानों पर पुराना शुल्क ₹600 था, जो अब ₹900 लगेगा। लंबी दूरी के सफर की बात करें तो 1,501 से 2,000 किलोमीटर के लिए सरचार्ज ₹800 से बढ़ाकर ₹1,150 और 2,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी वाली उड़ानों पर इसे ₹950 से बढ़ाकर ₹1,300 कर दिया गया है।
बिना 1 रुपया दिए दिन में जितनी बार चाहें करें बस में सफर, जानें किसे मिलेगा फायदा
इंटरनेशनल रूट्स पर यात्रा करने वालों की जेब पर इसका असर सबसे ज्यादा दिखेगा। खासकर यूरोप, गल्फ और दक्षिण-पूर्व एशिया जाने वाले मुसाफिरों के टिकट किराए में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
क्यों लेना पड़ा यह फैसला
इंडिगो के इस कदम के पीछे वैश्विक और घरेलू बाजार में एटीएफ के दामों में आया जबर्दस्त उछाल है। 1 अक्टूबर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत करीब ₹121 प्रति लीटर से उछलकर ₹137 प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। बीते तीन महीनों में यह लगातार तीसरा बड़ा इजाफा है। अगस्त में करीब ₹5 प्रति लीटर और सितंबर में ₹6.28 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। अकेले पिछले महीने के मुकाबले इसमें 14% से ज्यादा की तेजी आई है। कुल मिलाकर तीन महीनों में जेट ईंधन करीब 25% महंगा होकर एक दशक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।



