साइकिल पाकर मेधावी छात्रों के खिले चेहरे
विद्यालय परिवार ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

ताखा,इटावा। वी.डी. एकेडमी स्कूल,उद्देतपुर मामन (ताखा) में मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को साइकिल देकर प्रोत्साहित किया गया। इस पहल से छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के प्रबंधक प्रवीन शाक्य ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्कूल के टॉपर विद्यार्थियों को साइकिल देकर सम्मानित किया गया, ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रहे।
इस वर्ष प्रथम स्थान पर प्रिया यादव,अनु यादव और दिव्या गुप्ता ने समान अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से स्थान हासिल किया। वहीं द्वितीय स्थान पर कोशिकी शाक्य तथा तृतीय स्थान पर अंश शर्मा रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी मेधावी छात्रों को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम में राकेश यादव प्रबंधक,(श्री कायम सिंह रामा देवी इंटर कॉलेज), राजीव शाक्य (रोजगार सेवक),अरविंद यादव (प्रबंधक,परफैक्ट पॉइंट एकेडमी),प्रधानाचार्य अनिल कुमार,शिक्षकगण गुलशन,राजकुमार, उपेंद्र,संजय,राखी देवी, लक्ष्मी देवी,निधि,सविता रानी,खुशबू सहित बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे।



