‘हनुमान अंश’ फिल्म के दर्शन कार्यक्रम में मीडिया इंटरव्यू पर रोक! DM तक पहुंचा मामला

गाजियाबाद, 23 सितंबर। वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों के लिए आयोजित ‘हनुमान अंश’ फिल्म के विशेष दर्शन कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को इंटरव्यू करने की अनुमति नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट ने इस संबंध में जिलाधिकारी गाजियाबाद और मनोरंजन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ट्रस्ट के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 8:26 बजे एटीएस मॉल, खैबर रेंज स्थित मिराज सिनेमा परिसर में मीडिया प्रतिनिधि ट्रस्ट के ट्रस्टी अरविंद कुमार सिंह का संक्षिप्त इंटरव्यू करना चाहते थे। आरोप है कि मॉल के सुरक्षा कर्मचारियों तथा मिराज सिनेमा के संबंधित कर्मचारियों और प्रबंधक ने मीडिया प्रतिनिधियों को इंटरव्यू करने की अनुमति नहीं दी।

ट्रस्ट का कहना है कि मीडिया प्रतिनिधि किसी व्यावसायिक शूटिंग या विज्ञापन के लिए नहीं पहुंचे थे, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए आयोजित सामाजिक कार्यक्रम को कवर करने तथा ट्रस्ट की जनसेवा गतिविधियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आए थे।

जांच के लिए उठाए गए सवाल

क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट ने अधिकारियों से जांच कराने की मांग की है कि मीडिया इंटरव्यू रोकने का निर्देश किसके द्वारा दिया गया था। साथ ही मॉल या सिनेमा की लिखित मीडिया अथवा फिल्मांकन नीति, पूर्व अनुमति की प्रक्रिया और आयोजकों को नियमों की जानकारी दिए जाने से संबंधित तथ्यों की जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

ज्ञापन में घटना के समय का संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने तथा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों और मिराज सिनेमा के प्रबंधक से स्पष्टीकरण लेने की मांग भी की गई है। ट्रस्ट ने कहा है कि जांच में यदि किसी प्रकार के अनुचित व्यवहार की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कार्यक्रम में मौजूद रहे गणमान्य लोग

फिल्म दर्शन कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के साथ सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग भी मौजूद रहे। इनमें संत कुमार मित्तल, डॉ. बिपिन वैश्य, राज कपूर, कृष्ण चौहान और वार्ड-24 के पार्षद पवन कुमार गौतम सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button