आसमान उगल रहा था शोले, तभी वैज्ञानिकों ने दे दी ये बड़ी खुशखबरी! इस तारीख से पलटने जा रहा है मौसम

mansoon update 2026: भारत के कई हिस्सों में पड़ रही तेज गर्मी ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। नौतपा शुरू होने के बाद हालात और कठिन हो गए हैं। दोपहर के समय बाजार खाली नजर आ रहे हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में तापमान 47 डिग्री के करीब पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है। 28 मई से उत्तर और पश्चिम भारत के कई इलाकों में मौसम बदल सकता है। बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
नौतपा में बढ़ी परेशानी
हर साल रोहिणी नक्षत्र के साथ नौतपा की शुरुआत होती है और इसे साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इस बार भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल है जहां तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंच गया। महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में भी इतनी ही गर्मी दर्ज की गई।
भीषण लू की वजह से सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। दोपहर में कई शहरों में बाजार और सड़कें लगभग सुनसान दिखाई दे रही हैं।
कब बदलेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक 28 मई से मौसम का मिजाज बदल सकता है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 28 और 29 मई को मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी 28 और 29 मई को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के कुछ हिस्सों में 26 और 27 मई को बारिश हो सकती है। झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में 26 से 30 मई तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 26 से 28 मई के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी और मध्य प्रदेश को भी राहत के संकेत
उत्तर प्रदेश में निरंतर बढ़ती गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई के बाद प्रदेश में राहत महसूस हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 मई से बारिश शुरू होने के आसार हैं। यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
सैलरी कम है तो महीने की पहली तारीख को ही ये 5 लिस्ट बना लें, आपकी ज़िंदगी आसान हो जाएगी
मध्य प्रदेश में भी 29 से 31 मई के बीच हल्की और मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
केरल में कब पहुंचेगा मॉनसून
पहले अनुमान लगाया गया था कि मॉनसून 26 मई तक केरल पहुंच जाएगा। अब वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून सामान्य समय पर ही दस्तक देगा। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। फिलहाल 1 जून के आसपास केरल पहुंचने की संभावना बनी हुई है।



