टूटा नशे का बड़ा नेटवर्क, 9 करोड़ की चरस के साथ महिला-पुरुष गिरफ्तार

मऊ जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मऊ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला व एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 18.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर कृष राजपूत के नेतृत्व में की गई। इस अभियान में SOG, सर्विलांस टीम और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस के अनुसार, 6 जनवरी 2026 को पुलिस टीम रेलवे स्टेशन मऊ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पुरुष और एक महिला बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं और उनके पास मादक पदार्थ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और रेलवे स्टेशन के पास स्थित रामलीला मैदान के पास दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर समय करीब 12:37 बजे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 16 पैकेटों में कुल 18.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे यह चरस नेपाल सीमा से लाकर गोरखपुर के रास्ते मुरादाबाद और उत्तराखंड में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य अभियुक्त इमामी अली पूर्व में वर्ष 2017 में NDPS एक्ट के तहत जेल जा चुका है और वह कई बार चरस की तस्करी कर चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पहला नाम इमामी अली (33 वर्ष), निवासी मुरादाबाद है, जिसके पास से 12.74 किलोग्राम चरस बरामद हुई। वहीं दूसरी अभियुक्त नाजमा (37 वर्ष), निवासी पश्चिम बंगाल है, जिसके पास से 5.75 किलोग्राम चरस मिली।
इस संबंध में थाना कोतवाली नगर मऊ में मु0अ0सं0 007/2026 के तहत धारा 8/21 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अभियुक्तों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।



