मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिला मंगल दल ने किया जन-जागरूकता कार्यक्रम

मऊ। महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद मऊ के विकास खण्ड परदहा की ग्राम पंचायत डुमराव में युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में महिला मंगल दल की ओर से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव की महिलाओं और किशोरियों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में महिला मंगल दल की सदस्याओं ने ग्रामीण महिलाओं को विस्तार से बताया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए किस प्रकार निरंतर प्रयासरत है। महिलाओं को आपात स्थिति में मदद के लिए संचालित टोल फ्री नंबरों – 112, 1090, 181 आदि की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को समझाया गया कि संकट की स्थिति में तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर वे अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं।
इसके अतिरिक्त महिलाओं और किशोरियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी अवगत कराया गया। कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों की शिक्षा और विवाह के लिए आर्थिक सहयोग की जानकारी दी गई। वहीं मातृत्व लाभ योजना के बारे में बताया गया कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव और स्वास्थ्य लाभ हेतु सरकार आर्थिक सहायता प्रदान करती है। इसके साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, जिसके तहत अभिभावक अपनी बेटियों के भविष्य के लिए छोटी-छोटी बचत कर एक बड़ी पूंजी तैयार कर सकते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी परदहा, विनु कुमार सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य सिर्फ योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना भी है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन को सुरक्षित और बेहतर बनाएं।
ग्राम पंचायत डुमराव में हुए इस जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और किशोरियां शामिल हुईं। कार्यक्रम के अंत में महिला मंगल दल की ओर से उपस्थित जनसमूह को मिशन शक्ति की शपथ दिलाई गई, जिसमें महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहेंगी और जरूरत पड़ने पर सरकार द्वारा दिए गए सभी सुरक्षा साधनों का उपयोग करेंगी।



