मऊ में पटाखे ने छीनी खुशियां: दीपावली पर खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत, कई घायल

सुजीत कुमार मऊ

मऊ। दीपावली की रात जहां चारों ओर खुशियों और रोशनी का माहौल था, वहीं मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र में यह रात एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। पटाखा फोड़ने को लेकर हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प में 19 वर्षीय अजय चौहान की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि दीपावली की रात कुछ युवक पटाखे फोड़ रहे थे, तभी किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामूली बहस मारपीट में बदल गई और देखते ही देखते लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। इस दौरान 19 वर्षीय अजय चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही घोसी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाने की कोशिश की। मौके की गंभीरता को देखते हुए देर रात अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार और क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली और कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दीपावली की रात पटाखा फोड़ने के दौरान दो पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। फिलहाल पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है ताकि स्थिति पर नियंत्रण बना रहे।

गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है। जहां दीपावली की खुशियां होनी चाहिए थीं, वहां अब हर घर में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक छोटी सी बात ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button