बदहाली की भेंट चढ़ा मॉडल स्टेडियम, झाड़ियों में गुम हुआ आउटडोर जिम

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिरहौल स्थित मॉडल स्टेडियम और आउटडोर जिम बदहाल स्थिति में पहुंच गए हैं। खिलाड़ियों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया स्टेडियम आज रखरखाव के अभाव में अपनी उपयोगिता खोता नजर आ रहा है। मैदान में बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उग आने से खेल गतिविधियां लगभग ठप हो गई हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेडियम परिसर में लगाए गए आउटडोर जिम के उपकरण भी उपेक्षा की मार झेल रहे हैं। अधिकांश उपकरण झाड़ियों से घिरे हुए हैं, जिससे उनका उपयोग करना मुश्किल हो गया है। खिलाड़ियों के बैठने के लिए बनाई गई सीढ़ियों पर आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। परिसर में नियमित साफ-सफाई न होने से पूरे स्टेडियम की तस्वीर बदहाल नजर आती है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्टेडियम और जिम के निर्माण पर सरकारी धन खर्च किया गया था ताकि गांव के युवाओं को खेल और व्यायाम की बेहतर सुविधा मिल सके। लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह सुविधा धीरे-धीरे बेकार होती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते साफ-सफाई और रखरखाव कराया जाए तो स्टेडियम फिर से खिलाड़ियों के लिए उपयोगी बन सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्टेडियम परिसर की तत्काल सफाई कराने, झाड़ियों को हटाने और जिम उपकरणों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बच्चों और युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध हो सके।
इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि रखरखाव में लापरवाही या अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



