बटेश्वर दर्शन को जा रहा लोडर पलटा: 20 श्रद्धालु घायल

जसवन्तनगर,इटावा। बटेश्वर मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक लोडर शुक्रवार को कचौरा घाट मार्ग पर सिरसा गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में लोडर में सवार करीब 20 लोगों को हल्की फुल्की चोटें आईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

बताया गया कि दोपहर लगभग 12 बजे सभी लोग इटावा की ओर से नया लोडर वाहन लेकर बटेश्वर मंदिर में पूजन और दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वाहन सिरसा गांव के समीप पहुंचा,चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और लोडर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पलटे लोडर को सीधा कराया।

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक ग्रामीण घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवा चुके थे। ग्रामीणों के अनुसार चालक ने बताया कि अचानक उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया था,जिससे उसे सड़क दिखाई नहीं दी और वाहन अनियंत्रित हो गया। समाचार लिखे जाने तक चालक व घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।

Related Articles

Back to top button