निः शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में मरीजों की उमड़ी भीड़
आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान लगा शिविर

इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई की विलेज हेल्थ आउटरीच कमेटी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,इटावा के संयुक्त तत्वावधान में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के मार्गदर्शन में विकास भवन,इटावा में एक विशाल निःशुल्क बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला, विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ.आदेश कुमार एवं विलेज हेल्थ आउटरीच कमेटी के प्रभारी डॉ. अजय कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने विश्वविद्यालय की इस सामुदायिक स्वास्थ्य पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस स्वास्थ्य शिविर में लगभग 165 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 150 से अधिक लोगों की निःशुल्क प्रयोगशाला जांच की गई। इसके अतिरिक्त 60 से अधिक लोगों की नेत्र जांच भी की गई। विभिन्न विशेषज्ञ विभागों की सहभागिता से आमजन को एक ही स्थान पर व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में मेडिसिन, सर्जरी,आर्थोपेडिक्स, नेत्र रोग,ईएनटी,दंत रोग,बाल रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजिकल मेडिकल तथा मानसिक रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त ऑप्टोमेट्री टीम तथा ‘स्पेशलाइज्ड पैथोलॉजी ऑन व्हील्स’ पहल के अंतर्गत पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों ने भी सक्रिय सहभागिता की। नर्सिंग अधिकारियों तथा एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के कर्मचारियों ने शिविर के सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विलेज हेल्थ आउटरीच कमेटी के सदस्य डॉ. राजमंगल यादव, डॉ. प्रवेश कुमार, श्री जगदीश सिंह,डॉ.संजय कनौजिया, श्री नवल किशोर शर्मा (असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट) तथा श्री प्रमोद शर्मा (सीनियर नर्सिंग ऑफिसर) ने शिविर के सफल आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह स्वास्थ्य शिविर विश्वविद्यालय की सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं, है सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण रहा। इस पहल के माध्यम से आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक प्रयोगशाला जांच, दवाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
विश्वविद्यालय की विलेज हेल्थ आउटरीच कमेटी ने भविष्य में भी इसी प्रकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



