भूमि कब्जा मुक्त की शिकायत से बौखलाया विपक्षी
जान से मारने की धमकी,पीड़ित ने एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

इटावा। इटावा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला पीरजी निवासी रनवीर सिंह ने अपने ही गांव में ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर उक्त गांव निवासी नामजद द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी । जिसको लेकर विपक्षी बौखला गए और हर रोज गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे है। पीड़ित रनवीर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई एवं सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के माध्यम पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को बताया गांव में ग्राम समाज की भूमि गाटा संख्या 13 व 12 को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में पूर्व में उच्चाधिकारियों को शिकायत दी गई थी। आरोप है कि 19 फरवरी को लेखपाल निरीक्षण के लिए गांव पहुंचे थे। इसकी जानकारी होने पर विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर पीड़ित के घर के बाहर आ गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि वह अपनी वृद्ध मां को इलाज के लिए ले जा रहा था,लेकिन डर के कारण घर के अंदर चला गया।
आरोप है कि आरोपित लगातार घर की पहिलाओं को आगे करके रास्ता रोकने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। घटना के दौरान 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को भी सूचना दी गई थी।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके साथ कोई भी गंभीर घटना हो सकती है। उसने मामले में आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



