खबर का असर: प्रशासन को गौशाला में व्यवस्थाएं मिली दुरुस्त

जसवंतनगर,इटावा। प्रकाशित खबर का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला जब प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने नगला रामसुंदर स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। पहले उठी शिकायतों के बाद टीम ने मौके पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का गहराई से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में चारा, पानी और ठंड से बचाव की सभी तैयारियाँ संतोषजनक मिलीं। पशुओं के लिए त्रिपाल,अलाव हेतु सूखी लकड़ियाँ,हरा चारा,भूसा, दलिया तथा साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त पाई गई।

प्रधान अनुपम पांडेय ने बताया कि गौशाला में पशुओं की देखभाल पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है। भोजन-पानी की आपूर्ति सुचारू है और टीम हर आवश्यक सुविधा समय पर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि पशुओं को किसी प्रकार की कमी न होने पाए, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

खंड विकास अधिकारी उदयवीर दुबे ने निरीक्षण के बाद बताया कि गौशाला प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेगा ताकि व्यवस्थाएँ हमेशा बेहतर बनी रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल गौशाला में जलभराव जैसी कोई समस्या नहीं है और ठंड से बचाव की सभी तैयारियाँ सक्रिय रूप में मौजूद हैं। निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सकों की टीम ने सभी गायों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यकता अनुसार दवाइयाँ उपलब्ध कराईं।

इस मौके पर एडीओ आईएसबी महेश कुमार राजपूत,सचिव अवनीश कुमार,पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.जितेंद्र सिंह, धनुआ खेड़ा इंचार्ज अतिरिक्त प्रभार नगला रामसुंदर,पशुधन प्रसार अधिकारी विमल कुमार और राहुल कुमार ड्रेशर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button