रेलवे ट्रैक मिला युवक का शव: मचा हड़कंप

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंधा के समीप मंगलवार सुबह दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ट्रैक के बीच शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बांदा जनपद के बबेरू थाना क्षेत्र स्थित शिवाजी चौराहा निवासी 25 वर्षीय संजय पुत्र मूलचंद्र हरियाणा की एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे। वह ट्रेन से दिल्ली से अपने घर बांदा जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे उनका शव भरथना थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक की अप और डाउन लाइन के बीच पोल संख्या 1122/30 के समीप पड़ा मिला।
रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो मृतक की जेब से कंपनी का गेट पास समेत कुछ अन्य दस्तावेज मिले। दस्तावेजों के आधार पर युवक की शिनाख्त संजय के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
आशंका जताई जा रही है कि संजय देर रात ट्रेन से सफर कर रहे थे और संभवत: ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे होने के दौरान असंतुलित होकर नीचे गिर गए। ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मृतक के छोटे भाई करन ने बताया कि उनके बड़े भाई संजय हरियाणा में एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे। वह देर रात ट्रेन से घर के लिए रवाना हुए थे। सुबह घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजन शव लेने के लिए बांदा से रवाना हो गए।
कस्बा चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



