घने कोहरे में भीषण हादसा: दो ट्रकों की टक्कर में ड्राइवर जिंदा जला

कंटेनर में मिले केवल हड्डियों के अवशेष,हाईवे एक घंटे तक रहा बाधित

इटावा। आगरा–कानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के पक्का बाग ओवरब्रिज के पास नमक लदे ट्रक और जिप्सम लदे कंटेनर की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जिप्सम लदे कंटेनर में आग लग गई और चालक केबिन में ही फंस गया। आग की चपेट में आने से चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार अंबाला (हरियाणा) से जिप्सम लादकर एक कंटेनर बनारस की ओर जा रहा था। गुरुवार आधी रात घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान पक्का बाग ओवरब्रिज से करीब 300 मीटर पहले आगे चल रहे नमक लदे ट्रक से कंटेनर टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद कंटेनर में धमाके के साथ आग लग गई।

हादसे के बाद नमक लदे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। मृतक चालक की पहचान लवली उर्फ जसकीरत सिंह निवासी जिला सिरसा, हरियाणा के रूप में हुई। आग इतनी तेज थी कि दमकल कर्मियों को काबू पाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। आग बुझने के बाद कंटेनर के केबिन से चालक के जले हुए अवशेष और हड्डियां ही बरामद हो सकीं।

हादसे की सूचना देर रात पुलिस और फायर ब्रिगेड को मिली। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। भारी वाहनों की टक्कर और आग लगने के कारण आगरा–कानपुर नेशनल हाईवे करीब एक घंटे तक बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर दोनों ट्रकों को हटवाया और वाहनों को धीमी गति से निकालते हुए यातायात नियंत्रित किया।

पुलिस के अनुसार पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक चालक ने मृतक की पहचान की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं फरार नमक लदे ट्रक चालक की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button