महराजगंज की पांचों सीटों पर सपा की नजर, अखिलेश यादव ने बनाया बड़ा चुनावी प्लान

Akhilesh Yadav Maharajganj News: उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने जमीनी स्तर पर रणनीतिक चक्रव्यूह रचना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महराजगंज जिले के वरिष्ठ सपा नेता और पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने शनिवार को नई दिल्ली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से एक अहम मुलाकात की।

दोनों शीर्ष नेताओं के बीच मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य, जनहित के मुद्दों और महराजगंज की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर मैराथन चर्चा हुई।

महराजगंज की सभी 5 विधानसभा सीटों पर जीत का टारगेट, बूथ स्तर पर मजबूती का मंत्र

अखिलेश यादव ने जिले की सिसवा, महराजगंज सदर, पनियरा, फरेन्दा और नौतनवा विधानसभा सीटों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि 2027 के रण में पांचों सीटों पर साइकिल का परचम लहराने के लिए अभी से पूरी ताकत झोंकी जाए। उन्होंने संगठन के हर मोर्चे को बूथ स्तर तक बेहद मजबूत करने, युवाओं व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बैठाने और जनता के सीधे संपर्क में रहने पर जोर दिया। पार्टी सुप्रीमो ने कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी गारंटी है।

हादसों में जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति संवेदना, सपा ने दी आर्थिक मदद

पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने जिले में हाल के दिनों में घटित दर्दनाक घटनाओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने खाद वितरण के दौरान बोरियों के नीचे दबने से जान गंवाने वाले किसान रमाशंकर चौरसिया और सुकरहर गांव में करंट लगने से पिता-पुत्र की असामयिक मौत का मामला प्रमुखता से रखा। टिबड़ेवाल ने बताया कि अखिलेश यादव के पूर्व निर्देशानुसार सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने खुद पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी थी।

बाल वैज्ञानिक राहुल सिंह की मौत पर गरमाई सियासत, सपा सरकार में CBI जांच का भरोसा

मुलाकात के दौरान सिसवा के होनहार बाल वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का संवेदनशील मुद्दा भी उठा। पूर्व मंत्री ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच न होने का आरोप लगाया।

Gauriganj Election 2027: अखिलेश यादव ने चला बड़ा दांव! राकेश सिंह को घेरने के लिए ब्राह्मण चेहरे पर भरोसा

इस पर अखिलेश यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही इस पूरे प्रकरण की सीबीआई (CBI) जांच कराई जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिल सके। इसके अलावा निचलौल के पचमा गांव में डंपर हादसे में चार युवकों की मौत और सिसवा बाजार के तालाब में डूबने से तीन मासूमों की असमय मौत पर भी गहरी संवेदना जताते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर सभी पीड़ित परिवारों को ठोस आर्थिक सहायता और न्याय दिलाया जाएगा।

16 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष का दौरा, जल्द महराजगंज पहुंचेंगे खुद अखिलेश यादव

बैठक के बाद पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी 16 सितंबर को सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल महराजगंज के दौरे पर रहेंगे। इसके तुरंत बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी जिले में एक विशाल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। टिबड़ेवाल ने पार्टी नेतृत्व को आश्वस्त किया कि सभी गुटों को एकजुट कर जिले की पांचों विधानसभाओं में संगठन को अभेद्य बनाया जाएगा और स्थानीय जनहित के मुद्दों को आक्रामक ढंग से उठाकर जनता का विश्वास हासिल किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button