हाइटेंशन लाइन का खंभा टूटा, दो सप्ताह से एक सैकड़ा से अधिक अंधेरे में घर

जसवंतनगर,इटावा। बीबामऊ में तेज आंधी के दौरान 11 हजार वोल्ट लाइन पर बरगद का पेड़ गिरने से बिजली का खंभा टूट गया। घटना को दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे गांव के करीब 100 घरों के लगभग 700 लोग भीषण गर्मी में बिजली संकट झेलने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दिन में उमस और रात में अंधेरे के बीच मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। पशुओं के लिए पानी और चारे की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। महिलाओं और बच्चों को गाय-भैंसों को पानी पिलाने के लिए करीब दो किलोमीटर दूर नहर तक ले जाना पड़ रहा है।
ग्रामीण सावित्री, गीता देवी, कुंती देवी, कमला देवी, भूरी देवी, अंकित, लक्ष्मी देवी, सर्वेश, रामादेवी, सुनीता देवी, श्रीदेवी, पंचम, सुरेंद्र प्रधान, शाखावती, पंकज, निलेश देवी, नितेश और जबर सिंह समेत अन्य लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द नया खंभा लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।



