आवारा सांड से टकराकर पिकअप पलटी
हाईवे ओवरब्रिज पर बड़ा हादसा टला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से प्रयागराज जा रही एक पिकअप वाहन जसवंतनगर ओवरब्रिज के पास अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक समेत वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए लेकिन सभी की हल्की-फुल्की चोटें आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 4:50 बजे एक पिकअप वाहन दिल्ली से प्रयागराज की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन जसवंतनगर ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी अचानक सड़क पर आए एक सांड से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन असंतुलित होकर हाईवे किनारे पलट गया। इसमें सवार सभी लोगों को आंशिक चोटे आई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हाइड्रा मशीन को बुलवाकर पलटे हुए वाहन को सड़क किनारे हटवाया और यातायात सुचारू करवाया।
जीजा ने साले को पीटा सिर फाड़ा
जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार देर रात एक एक भट्टे पर काम करने वाले जीजा साले में हुई तकरार ने इतना विकराल रूप ले लिया कि जीजा ने आक्रोश में आकर अपने ही साले का कुल्हाड़ी से सिर फोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के जौंनई चौकी के करीब स्थित एक ईट भट्टे पर कार्य करने वाले जिला महोबा ग्राम खरेला के निवासी प्रदीप पुत्र धन प्रसाद बुधवार शाम को ही यहां आए हाथरस में एक अन्य ईट भट्टे पर काम करने वाले अपने जीजा अभिषेक पुत्र शिव कुमार के आवभगत में लगे हुए थे तभी जीजा साले के बीच किसी बात को लेकर हुई टकरार ने इतना विकराल रूप ले लिया कि जीजा ने आक्रोश में आकर पास में ही रखी कुल्हाड़ी से अपने साले प्रदीप के सिर पर प्रहार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इकट्ठे हुए अन्य लोगों ने घायल प्रदीप को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने गंभीर घायल प्रदीप की चिंताजनक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वही मौका पाकर जीजा रफू चक्कर हो गया।



