गोरखपुर: पैसे के अभाव में नहीं रुकना चाहिए किसी का इलाज- सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी गरीब का पैसे के अभाव में इलाज नहीं रुकना चाहिए। 

स्टार एक्सप्रेस

डेस्क. सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा है कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज रुकने न पाए। गोरखपुर में जनता दर्शन में इलाज के लिए मदद मांगने आए लोगों की मदद करने का आदेश सीएम ने अधिकारियों को दिया। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि गरीब तबके के लोगों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।

फाइल बनवाकर शासन को भेजें

गोरखपुर में जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे बड़हलगंज क्षेत्र के बुढ़नपुरा निवासी गिरधर पांडेय ने मुख्यमंत्री से कूल्हा इंप्लांट के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की। गिरधर ने बताया कि ढलती उम्र के बावजूद व मजदूरी कर भरण पोषण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पात्रता होने पर उनका आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश दिया। न बन पाने की स्थिति में इलाज के लिए फाइल बनाकर शासन में भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकना चाहिए।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले प्रार्थना पत्रों पर तत्काल कार्रवाई करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज के लिए आर्थिक सहायता को आने वाले प्रार्थना पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शासन को भेजा जाए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ऐसे लोगों को धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में गुरुवार को भी भारी भीड़ उमड़ी। करीब एक हजार लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। समय की व्यस्तता के कारण हिन्दू सेवाश्रम भवन में बैठाए गए करीब 100 लोगों से मुख्यमंत्री ने मिलकर समस्या जानी।

अन्य लोगों से अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र प्राप्त किया। मुख्यमंत्री सुबह 7.45 बजे जनता दर्शन में पहुंचे और करीब 55 मिनट तक एक-एक व्यक्ति के पास जाकर उनकी समस्या जानी। उन्होंने अधिकारियों को समस्या के समाधान का निर्देश दिया। कहा कि समस्याओं का निस्तारण तहसील एवं थाना स्तर पर ही प्रभावी तरीके से होना चाहिए।

आयुष्मान योजना का दिलाएं लाभ

इलाज के लिए आए प्रार्थना पत्रों को देखकर उन्होंने नियमानुसार सभी का आयुष्मान योजना के तहत गोल्डेन कार्ड बनवाने का निर्देश दिया। जनता दर्शन में सहजना के धुरियापाट से आए रामहौसिला ने सार्वजनिक रास्ता बंद करने की बात बताई। देवरिया के संतोष कुमार गौड़ ने भी सड़क व नाली पर अतिक्रमण करने की शिकायत की। गाजीपुर के कालिका ने चकबंदी कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को समस्या के निराकरण का भरोसा दिलाया। जनता दर्शन में समस्या लेकर आई महिलाओं के साथ मौजूद बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलारा भी और उन्हें चाकलेट दिया।

Related Articles

Back to top button