बिहार की राजनीति में जनरेशन Z उम्मीदवारों की चर्चा, मैथिली ठाकुर के साथ कौन है मैदान में

राजनीति में जनरेशन Z: सियासत में अनुभव को हमेशा से बहुत महत्व दिया जाता रहा है, मगर इन दिनों युवाओं को भी अवसर मिल रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में इसकी झलक देखने को मिली है। एक ओर बिहार में वरिष्ठ नेता अपनी आखिरी सियासी पारी को संवारने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं युवाओं की नई पीढ़ी अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने के लिए आतुर है। नेपाल में हुए आंदोलन के बाद जेन जेड शब्द काफ़ी प्रचलित हुआ। अब, जेन जेड ही बिहार के राजनीतिक रणक्षेत्र में सुर्खियों में आ गया है।
ये ‘जेन जेड’ कौन है?
इस साल बिहार में कई युवा अपनी राजनीति की शुरुआत करते दिख रहे हैं। राजनीति में जनरेशन Z यानी 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई पीढ़ी, जो इंटरनेट और स्मार्टफोन के साथ पली-बढ़ी पहली पीढ़ी है। इन्हें डिजिटल नेटिव कहा जाता है। देश में चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु सीमा 25 वर्ष है। इसलिए, इस आयु वर्ग के कुछ चेहरे बिहार चुनाव में सुर्खियों में आ गए हैं।
गायिका मैथिली ठाकुर
25 वर्षीय मैथिली ठाकुर इस चुनाव में सबसे कम उम्र की और सबसे चर्चित उम्मीदवार बन गई हैं। वह एक लोकप्रिय गायिका हैं और सोशल मीडिया पर उनके लाखों फ़ॉलोअर्स हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और उन्हें भाजपा ने दरभंगा जिले की अलीनगर सीट से मैदान में उतारा। इस सीट पर उनका सीधा मुकाबला राजद के विनोद मिश्रा और जनसुराज के विप्लव चौधरी से है। हालाँकि स्थानीय स्तर पर कुछ भाजपा नेताओं ने उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया है, फिर भी मैथिली ज़ोर-शोर से प्रचार कर रही हैं।
रवीना कुशवाहा
27 वर्षीय रवीना कुशवाहा समस्तीपुर जिले के विभूतिनगर से जनता दल (यूनाइटेड) के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनके पति राम बालक कुशवाहा पूर्व विधायक हैं और कानूनी पचड़ों के कारण उन्होंने चुनाव लड़ने के बजाय अपनी पत्नी को मौका दिया है। गौरतलब है कि रवीना और राम बालक की उम्र में 26 साल का अंतर है।
शिवानी शुक्ला
28 वर्षीय शिवानी शुक्ला बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी हैं। राजद ने उन्हें वैशाली जिले की लालगंज सीट से मैदान में उतारा है। उन्होंने लंदन विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की है और पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला भाजपा विधायक संजय कुमार सिंह से है।
तेजस्वी यादव का Triple M formula, क्या ये नीतीश को हराने के लिए काफी है
दीपू सिंह
28 वर्षीय दीपू सिंह भोजपुर जिले की संदेश विधानसभा सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनके पिता अरुण यादव और माता किरण देवी, दोनों ही इस क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। इसलिए इस परिवार का प्रभाव इस क्षेत्र में साफ़ दिखाई देता है।
अन्य युवा उम्मीदवार…
29 वर्षीय रवि रंजन (राजद, अस्थावा), धनंजय कुमार (भाकपा-माले, भोरे) और रूपा कुमारी (लोजपा-रामविलास, फतुहा) भी युवा पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं। वहीं 30 वर्षीय आदित्य कुमार, कोमल कुशवाहा और राकेश रंजन भी अलग-अलग पार्टियों से चुनाव लड़ रहे हैं।



