एमएलसी चुनाव में मतदान के चार बूथ तैयार
5690 मतदाता डालेंगे वोट,सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा मतदान

जसवंतनगर,इटावा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जसवंतनगर के क्षेत्र पंचायत भवन परिसर में स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के लिए चार बूथ बनाए गए हैं।
शिक्षक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 105 के कमरा नंबर दो में मतदान होगा। वहीं स्नातक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 180 के कमरा नंबर तीन तथा बूथ संख्या 179 के कमरा नंबर एक और चार में मतदान की व्यवस्था की गई है। स्नातक निर्वाचन में 5016 और शिक्षक निर्वाचन में 674 मतदाता पंजीकृत हैं। दोनों चुनावों में कुल 5690 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र पर दो उपनिरीक्षक, आठ पुरुष कांस्टेबल और चार महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे। इसके अलावा थाना पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
सीओ आयुषी सिंह ने बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मतदान कक्ष में प्रवेश करने वाले मतदाताओं की विशेष निगरानी की जाए। कोई भी मतदाता मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल फोन, पानी की बोतल और डॉट पेन लेकर न जाए, इस पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सीओ स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगी।
नायब तहसीलदार नेहा सचान ने मतदान स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।



