छापेमारी के नाम पर व्यापारियों का शोषण: शिवपाल

अधिकारी भर रहे हैं अपनी जेबें

जसवंतनगर,इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि बिजली मिल नहीं रही है और दूसरी ओर छापेमारी की जा रही है। लाइनमैन से लेकर बड़े अधिकारियों तक कमीशन का खेल चल रहा है। अधिकारी जनता का शोषण कर रहे हैं। ऐसी सरकार को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनाना जरूरी है।

बुधवार को क्षेत्र में नवनिर्मित एसबी होटल के शुभारंभ के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में आम जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और बिजली की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आउटसोर्सिंग भर्ती के वादे पूरे नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया। कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उनका उत्पीड़न।

होटल के शुभारंभ के बाद शिवपाल सिंह यादव दशहरा के अवसर पर नगर की ऐतिहासिक मैदानी रामलीला देखने अपने नाती के साथ पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और राम-रावण युद्ध की लीला देखी।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर सभी को सत्य, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलना चाहिए। जसवंतनगर की रामलीला अपनी विशिष्ट परंपराओं के कारण देश-दुनिया में अलग पहचान रखती है। इस महोत्सव से उनका गहरा लगाव है। रामलीला को बेहतर बनाने के लिए पूर्व में भी कमेटी का सहयोग किया गया है और आगे भी आयोजन को भव्य बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान भी रामलीला महोत्सव की पहचान और भव्यता बढ़ाने के लिए सहयोग किया गया था। रामलीला कमेटी को किसी समस्या के समाधान या आयोजन के लिए मदद की जरूरत होगी तो वह पूरी निष्ठा से सहयोग करेंगे।

रात 9:58 बजे धराशायी हुआ रावण का पुतला

राम-रावण युद्ध की लीला के बाद रात 9 बजकर 58 मिनट पर भगवान राम के तीर से रावण का पुतला धराशायी किया गया। इसके बाद लकड़ी और बांस की खपच्चियों से बने पुतले को तोड़कर लोग उसके हिस्से अपने साथ ले गए। जसवंतनगर की रामलीला की खास परंपरा है कि यहां रावण का दहन नहीं किया जाता,बल्कि पुतले को धराशायी कर उसे तोड़ने की परंपरा निभाई जाती है।

होटल मालिक ने दिया सहयोग का भरोसा

होटल मालिक शेषविंदु शर्मा ने शिवपाल सिंह यादव को भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान पार्टी की बैठकों के लिए होटल का हॉल और कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए होटल हमेशा उपलब्ध रहेगा।इस दौरान रामलीला प्रबन्धक राजीव गुप्ता बबलू, अजेंद्र गौर, जितेन्द्र मोना यादव,अनुज मोंटी यादव,विश्वनाथ प्रताप सोनू यादव,शुभश्री गुप्ता,शेषविन्दु शर्मा आदि लोगउपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button