पत्रकार मंजुल निगम का निधन

सुल्तानपुर। एएनआई और न्यूज-24 के संवाददाता मंजुल निगम का इलाज के दौरान निधन हो गया। मंजुल के निधन से पत्रकारिता जगत ने एक सक्रिय, सहज और मिलनसार साथी खो दिया। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन सुल्तानपुर इकाई संकट की इस घड़ी में परिवार के साथ है।
गौरतलब है कि, लीवर की बीमारी से पीड़ित मंजुल निगम पिछले कई दिनों से लखनऊ के विवेकानंद हॉस्पिटल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। सुल्तानपुर शहर निवासी मंजुल निगम लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े थे। सहज व्यवहार और समाचार संकलन के प्रति सक्रियता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में अलग पहचान दिलाई। मंजुल निगम के परिवार का दुख बेहद गहरा है। वर्ष 2019 में उनके बड़े भाई एएनआई एवं न्यूज 24 के संवाददाता रहे राजुल निगम की भी अमेठी में समाचार कवरेज के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार पर पड़े इस दोहरे वज्रपात ने हर किसी को झकझोर दिया हैl


