खुरपका-मुंहपका बचाव को शुरू टीकाकरण अभियान
पशु सुरक्षा को ग्रामीण अंचल में पहुंचीं पशु चिकित्सकों की तीन टीमें

जसवंतनगर,इटावा। जिला पशु चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में खुरपका व मुंहपका रोग की रोकथाम को लेकर क्षेत्र में व्यापक टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गठित तीन टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं, जिससे पशुधन को इस संक्रामक एवं घातक रोग से सुरक्षित किया जा सके।
पशु फार्मासिस्ट प्रमोद चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत धनुआ,फतेहपुरा,नगला तोर,तिजोरा,नगला सलहदी,नगला राम सुन्दर, नगला विशुन सहित कई गांवों में टीकाकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है,जबकि शेष गांवों में अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि पहली टीम का नेतृत्व पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रपाल सिंह कर रहे हैं, वहीं दूसरी व तीसरी टीम की जिम्मेदारी डॉ.जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश कोई पशु टीकाकरण से छूट गया हो तो उसकी सूचना तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को दें,ताकि समय रहते टीकाकरण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम संभव है और इससे पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान से भी बचाया जा सकता है।



