फैक्ट्री से कॉपर वायर चोरी कर कबाड़ी को बेचने पहुंचे, पांच गिरफ्तार

लिंक रोड पुलिस ने 100 किलो 400 ग्राम तांबे का तार बरामद किया, पांच हजार रुपये और चार मोबाइल भी मिले

गाजियाबाद। फैक्ट्री से लाखों रुपये कीमत का कॉपर वायर चोरी कर उसे कबाड़ी के जरिए ठिकाने लगाने वाले गिरोह का लिंक रोड पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 किलो 400 ग्राम तांबे का तार बरामद किया है। आरोपित चोरी का माल बेचने के लिए कबाड़ी के पास पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार पांच अक्टूबर को राजेश गिरि ने लिंक रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनकी फैक्ट्री से कॉपर वायर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इनपुट जुटाए। जांच के बाद सात अक्टूबर को पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फैसल उर्फ फैजल उर्फ शकील, शिवकुमार, मोहित कुमार, नदीम हसन और चांद मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच प्लास्टिक के कट्टों में रखा चोरी का तांबे का तार, पांच हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पहले भी बेच चुके थे चोरी का माल

पूछताछ में फैसल, शिव कुमार और मोहित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एटलस कंपनी के बराबर स्थित तांबे के तार की कंपनी से वायर चोरी किया था। चोरी किए गए कुछ बंडल पहले ही नदीम हसन और कबाड़ी चांद मोहम्मद को बेच दिए गए थे।

आरोपितों के मुताबिक, चोरी के माल की बिक्री से मिले अधिकांश रुपये खर्च हो चुके थे और पांच हजार रुपये बचे थे। इसी रकम को लेने के लिए वे नदीम और चांद से मिलने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की है। पुलिस अब चोरी के माल को खरीदने और खपाने वाले अन्य लोगों के साथ गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button