अंबेडकर रोड के यूएस पोलो शोरूम में लगी आग, चार फायर टेंडरों ने पाया काबू

गाजियाबाद। अंबेडकर रोड स्थित यूएस पोलो शोरूम में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शोरूम की प्रथम मंजिल से घना धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से चार फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर स्टेशन कोतवाली को दोपहर 12:06 बजे प्लॉट नंबर-76 स्थित यूएस पोलो शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी। अग्निशमन अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
शोरूम में बेसमेंट, भूतल और प्रथम तल बना हुआ है। आग प्रथम तल पर लगी थी और वहां घना धुआं भर गया था। दमकल कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से होजपाइप फैलाकर पानी की पंपिंग शुरू की और धुएं के बीच प्रथम तल पर पहुंचकर आग पर पानी की बौछार की।
तत्परता से की गई कार्रवाई के चलते आग को प्रथम तल तक ही सीमित रखते हुए पूरी तरह बुझा दिया गया। इसके बाद दमकल टीम ने प्रभावित हिस्से की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं कोई चिंगारी या गर्म स्थान दोबारा आग का कारण न बने।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शोरूम में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। आग के दौरान किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से इसे बेसमेंट, भूतल और आसपास के हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।



