गाजीपुर में सुभासपा कार्यकर्ता को महिला कांस्टेबल ने जड़ा थप्पड़, हंगामा

गाजीपुर। गाजीपुर जिले में उस समय माहौल गर्म हो गया जब सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के कार्यकर्ताओं ने एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के विवादित बयान के खिलाफ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता बड़ी संख्या में डीएम-एसपी कार्यालय के बाहर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और शौकत अली का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच एक महिला कांस्टेबल और सुभासपा के एक कार्यकर्ता के बीच झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि महिला कांस्टेबल ने कार्यकर्ता को थप्पड़ जड़ दिया। यह नजारा देखते ही कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और वीडियो फुटेज भी देखे जाएंगे। वहीं, सुभासपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने आए थे लेकिन पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की।
इस घटना से जिले की राजनीति में हलचल मच गई है। विपक्षी दलों ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।



