ब्लॉक इकाई का त्रिवर्षीय पुनर्गठन संपन्न
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश जसवंतनगर का पुनर्गठन

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की ब्लॉक इकाई जसवंतनगर में संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु त्रिवर्षीय कार्यकारी पुनर्गठन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के दर्जनों शिक्षक एवं संघ के सक्रिय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पुनर्गठन प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से मुकेश कुमार को ब्लॉक अध्यक्ष, प्रेम किशोर पाठक को ब्लॉक मंत्री, मूलचंद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अंकित कुशवाहा को कोषाध्यक्ष तथा संजीव कुमार गुप्ता और अनुज कुमार को संयुक्त मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों का चयन संगठन के वरिष्ठ मार्गदर्शकों की सहमति और सदस्यों की सर्वसम्मति से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज की बुनियाद हैं और संगठन का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना, शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और शिक्षा के स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएगी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए एकजुटता के साथ कार्य करेगी।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया और संगठन की नीतियों पर अमल करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर संघ के पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ शिक्षक और अनेक शिक्षा मित्र भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन संगठन के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा किया गया और अंत में नवचयनित अध्यक्ष मुकेश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत करने, शिक्षकों की आवाज को शासन तक पहुंचाने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।



