कथा में गूंजे सती-ध्रुव चरित्र के प्रसंग

चार जुलाई को पहुंचेंगे सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव

जसवंतनगर,इटावा। बलरई नहर पुल के समीप विकास नगर मोहल्ले में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव चार जुलाई को शामिल होंगे। वह कथा स्थल पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। विधायक के आगमन को लेकर आयोजकों और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।

क्षेत्र के गांव नगला सलहदी निवासी समाजवादी पार्टी नेता गोपीनाथ पाराशर द्वारा अपने निज निवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस वृंदावन से पधारे कथा व्यास अतुल कृष्ण त्रिपाठी ने सती प्रसंग और ध्रुव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

कथा व्यास ने कहा कि भागवत पुराण में वर्णित सती प्रसंग त्याग, आत्मसम्मान और भगवान के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि माता सती ने अपने पिता दक्ष द्वारा भगवान शिव के अपमान को सहन न करते हुए योगाग्नि में स्वयं को समर्पित कर दिया था। यह प्रसंग मानव जीवन में आत्मसम्मान और धर्म के प्रति निष्ठा की प्रेरणा देता है।

इसके बाद उन्होंने बालक ध्रुव की कथा का वर्णन करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, कठोर तपस्या और भगवान के प्रति अटूट आस्था से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। कथा व्यास ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बालक ध्रुव ने कठिन तप कर भगवान विष्णु को प्रसन्न किया और अमर ध्रुव तारे के रूप में स्थान प्राप्त किया। ध्रुव चरित्र आज भी समाज को संघर्ष, धैर्य और भक्ति का संदेश देता है।

कथा में परीक्षित की भूमिका में श्रीमती मिथलेश एवं गोपीनाथ पाराशर तथा यजमान के रूप में श्रीमती निर्मला एवं रमाकांत पाराशर मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक डोली पाराशर एवं अमित रानू पाराशर ने क्षेत्रवासियों से कथा में शामिल होने की अपील की।

Related Articles

Back to top button