सीओ ने कोतवाली का किया अर्धवार्षिक निरीक्षण

लंबित विवेचनाओं पर जताई नाराजगी

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली में गुरुवार को अर्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया इसके बाद उन्होंने अभिलेखों, कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत अपराधियों के हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर नंबर 4 की गहन जांच से हुई। रजिस्टर में कमियां मिलने पर उन्होंने दीवान को लताड़ लगाते हुए इसे तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए।

सीओ ने लंबित विवेचनाओं पर असंतोष व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी को कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण में कुल 48 विवेचनाएँ लंबित मिलीं। उन्होंने कहा कि हर प्रकरण का निष्पक्ष,गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। आईजीआरएस प्रगति रिपोर्ट 95 प्रतिशत संतोषजनक मिली,जबकि कई रजिस्टरों के मिलान में खामियां पाई गईं। चोरी और लूट की घटनाओं में शत-प्रतिशत बरामदगी न होने पर उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि कोई भी घटना बिना खुलासे के नहीं रहनी चाहिए।

निरीक्षण के रोमियो रजिस्टर,शिकायत रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों से शिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानी और महिला शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर फीडबैक भी लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि महिला सुरक्षा से जुड़ी हर शिकायत को संवेदनशीलता और प्राथमिकता से निपटाया जाए। लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

इसके बाद उन्होंने थाने परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई,मेस की स्थिति,सुरक्षा मानकों, हथियारों के रख-रखाव और स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, पारदर्शी कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई से पुलिस पर जनता का विश्वास और मजबूत होता है।

Related Articles

Back to top button