दो डंपरों की भिड़ंत: खोखे में घुसा डंपर बुजुर्ग की मौत

=जैनपुर चौबिया के पास दोपहर में हुआ भीषण हादसा, खोखा संचालक की मौके पर मौत,एक चालक गंभीर घायल,दूसरा फरार,

चौबिया,इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। जैनपुर चौबिया के पास दो डंपरों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खोखे में जा घुसा। हादसे में खोखा संचालक राम मिलन डंपर की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब दो बजे गिट्टी से लदा एक डंपर इटावा से मैनपुरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से मैनपुरी की ओर से इटावा आ रहे खाली डंपर से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खोखे को तोड़ता हुआ उसके ऊपर जा चढ़ा।

डंपर में फंसा चालक, ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

हादसे के बाद एक डंपर चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं दूसरे डंपर का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

### *मलबे में किसी और के दबे होने की आशंका*

घटना की सूचना मिलते ही चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। डंपर के खोखे के ऊपर फंस जाने के कारण उसे हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। पुलिस और ग्रामीणों को आशंका है कि मलबे के नीचे कोई अन्य व्यक्ति भी दबा हो सकता है। इसी कारण डंपर हटाकर खोखे के मलबे की बारीकी से जांच की जा रही है।

राम मिलन की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मलबा पूरी तरह हटने और रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे में कोई अन्य व्यक्ति प्रभावित हुआ है या नहीं। पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के आधार पर आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button