राजकीय आईटीआई मऊ में लगा रोजगार मेला, 94 युवाओं को मिला नौकरी का मौका

मऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर मऊ में मंगलवार को रोजगार मेला (कैम्पस ड्राइव) का सफल आयोजन किया गया। मेले में देश की प्रतिष्ठित कम्पनी सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड ने प्रतिभाग करते हुए बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान किया। रोजगार मेले में कुल 140 युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें विभिन्न ट्रेडों से प्रशिक्षित अभ्यर्थी शामिल थे।

कम्पनी की ओर से आए प्रतिनिधि एचआर सुमित जालान और जीवनदास ने युवाओं का साक्षात्कार लिया। योग्यता और कौशल के आधार पर 94 अभ्यर्थियों का चयन ऑपरेटर पद के लिए किया गया। चयनित युवाओं को तत्काल ऑफर लेटर भी उपलब्ध कराया गया, जिससे उनके चेहरों पर उत्साह साफ दिखाई दिया ।आईटीआई के प्रधानाचार्य अरुण यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप संस्थान में हर माह रोजगार मेला और अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जा रहा है।

इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को उद्योगों से जोड़कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

रोजगार मेला प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि समय-समय पर विभिन्न कंपनियों को बुलाकर मेले का आयोजन किया जाता है। मऊ के अलावा अन्य जनपदों के इच्छुक अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार इसमें भाग ले सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को मजबूत बनाएं।

रोजगार मेले में सफल चयन से युवाओं और अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। संस्थान प्रबंधन ने आगे भी इसी तरह रोजगार मेले आयोजित करने की बात कही, ताकि मऊ जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी और कौशल विकास का लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button