संदिग्ध अवस्था में मिला बुजुर्ग का शव: क्षेत्र में फैली सनसनी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में हाइवे किनारे जारी खेड़ा मोड़ पर गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय शकील अहमद पुत्र सईद अहमद निवासी मोहल्ला भूरा,थाना कोतवाली इटावा के रूप में हुई है।

राहगीरों ने शव देखकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मी शकील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर ले गए,जहां केंद्र अधीक्षक डॉ.बीरेंद्र सिंह ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दी गई।

सोशल मीडिया पर मृतक की तस्वीर वायरल होने के बाद उनके परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक के भाई कफील अहमद ने बताया कि शकील बुधवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकले थे,लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे थे। गुरुवार सुबह उनकी मृत अवस्था में फोटो सोशल मीडिया पर सामने आई।

परिजनों के अनुसार, शकील अहमद पूरी तरह स्वस्थ थे और उनके शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं थे। उनकी अचानक मौत से परिवार स्तब्ध है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी संजय सिंह और दरोगा ललित चतुर्वेदी मौके पर मौजूद रहे और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button