एक्सप्रेसवे पर पलटी ईको वैन: तीन मजदूर घायल
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पीलीभीत से उरई धान रोपाई के लिए जा रहे थे सभी,ट्रक के कट से हुआ हादसा

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब छह बजे एक तेज रफ्तार ईको वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वैन सवार तीन मजदूर घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे यूपीडा एंबुलेंस से सैफई पीजीआई रेफर किया गया,जबकि दो घायलों का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जिले के मरौरी, नूरिया निवासी जगदीश पुत्र हरि प्रसाद,राजेश पाल पुत्र रामचंद्र और सत्यपाल पुत्र मुन्नालाल अपने अन्य साथियों के साथ ईको वैन से उरई धान की रोपाई करने जा रहे थे। सुबह करीब छह बजे भरथना और अछल्दा के बीच बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर-270 के पास सामने चल रहे एक ट्रक ने अचानक कट मार दिया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ईको वैन सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और सूचना पर पहुंची यूपीडा टीम ने घायलों को वैन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल जगदीश को यूपीडा एंबुलेंस से तत्काल सैफई पीजीआई भेजा गया,जबकि राजेश पाल और सत्यपाल को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। यूपीडा और संबंधित टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।



