पति-पत्नी विवाद सुलझाने बैठी पंचायत में बवाल

जीजा-साले सहित आधा दर्जन घायल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम नगला अर्जुन में शुक्रवार को पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए हो रही पंचायत उस समय हिंसक हो गई, जब दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट में जीजा-साले सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से एक की हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गांव नगला अर्जुन निवासी 30 वर्षीय ऋषि कुमार पुत्र भगवान दास का विवाह करीब दस वर्ष पूर्व 28 वर्षीय नेहा पुत्री कृपाशंकर, निवासी गांव नगला हरजू थाना सिविल लाइन के साथ हुआ था।

नेहा का आरोप है कि कुछ माह पूर्व पति ने उसे बच्चों सहित मायके छोड़ दिया था, तभी से वह वहीं रह रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने भाई सुधीर व अन्य परिजनों के साथ ससुराल पहुंची, जहां विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति व गांव के लोगों ने मिलकर नेहा, उसके भाई सुधीर, शैलेंद्र, विजय, उदय प्रकाश व बॉबी के साथ मारपीट की।

वहीं दूसरी ओर ऋषि की मां पुष्पा देवी का कहना है कि बहू ने मेरे बेटे को कमरे में बंद कर अपने मायके पक्ष के लोगों से मारपीट कराई, जिससे ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे घायल अवस्था में पुलिस ने सीएचसी पर भर्ती कराया जहाँ से उसे सैफई रैफर कर दिया गया और मेरी बहू अपनी ससुराल में रहना नहीं चाहती है उसका जो सामान यहाँ पर रखा हुआ था उसे जबरन लेने के लिए आई थी इसी दौरान मेरे बेटे को कमरे में बंद कर मारपीट कर दी थी और वह अपने दोनों बच्चों 5वर्षीय शिव और 3 वर्षीय नित्या को भी अपने साथ मायके में रखे हुए है घटना की सूचना मिलते ही मौके पर उपनिरीक्षक मनीष कुमार, शुभम वर्मा मय फोर्स के पहुँचे और घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button