ओवरब्रिज पर पीपल की डाल में फंसा डंपर
डंपर की टक्कर ने पीपल की डाल उखाड़ी सड़क पर गिरी,एक घंटे यातायात थमा,पुलिस ने ने खुलवाया रास्ता

जसवंतनगर,इटावा। नगर को कचौरा घाट मार्ग से जोड़ने वाले सड़क मार्ग पर रेलमंडी मोहल्ले में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ओवरब्रिज पर कचौरा से बाजार की ओर आ रहा डंपर पीपल के पेड़ की मोटी डाल में उलझ गया। डंपर के फंसने से डाल उखड़कर सड़क पर गिर गई और आवागमन बाधित हो गया।
डाल सड़क पर गिरने के कारण ओवरब्रिज पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लकड़ी काटने वाले मिस्त्रियों को बुलाया। कड़ी मशक्कत के बाद डाल को काटकर सड़क से हटाया गया और डंपर को भी वहां से निकालकर यातायात सुचारु कराया गया।
गनीमत रही कि डाल गिरने के दौरान उसकी चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया और हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।



