स्वच्छता एवं जागरूकता से ही संभव है संचारी रोगों पर नियंत्रण : डॉ० गणनायक पाण्डेय

संचारी रोगों की रोकथाम के लिये स्वास्थ्य विभाग ने किया बैठक का आयोजन

महराजगंज, रायबरेली। संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर ब्लॉक सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें क्षेत्र की समस्त एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं का संवेदीकरण किया गया। बैठक का उद्देश्य संचारी रोग विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करना और जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाना रहा।

बैठक में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने पर भी जोर दिया गया।

डॉ. गणनायक पाण्डेय ने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण जनजागरूकता और स्वच्छता से ही संभव है। आशा और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें, ताकि डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि बदलते मौसम में मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में विशेष अभियान के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई, जलभराव रोकने और समय पर उपचार के प्रति सजग किया जा रहा है।

अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और टीकाकरण कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अधीक्षक डॉ. गणनायक पाण्डेय, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी नंद लाल, शिवाकांत, सतेन्द्र सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button