विभाग की अनदेखी के चलते लोगों की जिंदगी से खेल रहे हैं जगह-जगह खुले निजी अस्पताल

महराजगंज, रायबरेली। स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी से जगह जगह खुले प्राइवेट अस्पताल आए दिन लोगों की जिंदगी से खेल रहे हैं फिर भी स्वास्थ्य विभाग जांच के नाम पर जनता ही नहीं उच्चाधिकारियों एवं सरकार को भी गुमराह कर रहा है। कुछ माह पूर्व क्षेत्र का उजाला हॉस्पिटल ऑपरेशन के नाम पर मरीज से धन उगाही करने के मामले की शिकायत डीएम से होने पर चर्चा में आया था। एक बार फिर उजाला हॉस्पिटल में एक महिला मरीज की मौत क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

बताते चले कि चंदापुर मार्ग पर स्थित उजाला हॉस्पिटल एक बार फिर चर्चा में है जहां पर बुधवार की सुबह लगभग 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई मौत होते ही अस्पताल के संचालक ने जैसे तैसे सेटिंग-गेटिंग कर परिजनों को चुप करा दिया और आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार हो गया। मामला है कुसुढी सागर पुर का जहां के रहने वाले अवधेश यादव ने 6 माह पूर्व रायबरेली मार्ग स्थित प्राइवेट अस्पताल पूनम देवी में ट्यूमर का ऑपरेशन कराया था जहां पर अस्पताल के संचालक द्वारा चिकित्सकों की टीम बुलाकर ऑपरेशन कराया था।

अभी छः माह ही बीते थे कि महिला को पथरी की समस्या हो गई इस बार उजाला हॉस्पिटल में उसका इलाज कराया गया जहां पर भी बाहर से चिकित्सकों की टीम बुलाकर उसका ऑपरेशन कर दिया गया। डाक्टरों की टीम तो ऑपरेशन करके चली गई परन्तु महिला की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल के अप्रशिक्षित बिना किसी डिग्री डिप्लोमा के कार्य कर रहा स्टाफ उसका इलाज करता रहा। जब महिला की हालत मरणासन्न हो गई तो उसे बड़े अस्पताल ले जाने को कह दिया गया। परिजन जैसे तैसे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया लखनऊ पहुंचने पर वहां के चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत से दो बच्चों के सिर से मां का आंचल उठ गया। हालांकि मामले में अस्पताल संचालक ने तुरंत ही मामले को संभाल लिया और परिजनों को बिना किसी कार्यवाही के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी कर लिया। परन्तु गांव के लोगों में दबी जुबान यह चर्चा जोरो पर है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही के बाद परिजन चुप क्यों हो गए आखिर अस्पताल संचालक ने कितनी कीमत लगा दी। मामले में अस्पताल संचालक से संपर्क किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ गण नायक पांडे ने भी ऐसी किसी घटना की जानकारी न होने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button