बाल निकेतन ओवरब्रिज निर्माण कार्य पर डीएम सख्त, जून 2027 तक पूरा करने के सख़्त आदेश

मऊ। जनपद के सबसे व्यस्त रास्तों में से एक बाल निकेतन के पास रेलवे संपार संख्या 0/बी पर बन रहे, रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण कार्य को समय से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने संबंधित विभागों को जरूरी कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर हो रहे कार्य के प्रगति की समीक्षा और निर्माण में आ रही दिक्कतों को दूर करने को कहा।

बैठक में सेतु निगम के सहायक अभियंता ने बताया कि सेतु के रेलवे हिस्से का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। इसके अलावा फ्रीहोल्ड भूमि का क्लीयरेंस, नगर पालिका की कुछ दुकानों को हटाने और विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का काम भी बाकी है। इन वजहों से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि चौक क्षेत्र में ओवरब्रिज की निर्माण सीमा में एक मस्जिद और सिंधी कॉलोनी के कुछ मकान भी आ रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जरूरी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए प्रभावित निर्माणों और दुकानों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही बिजली के पोलों की शिफ्टिंग का काम भी जल्द पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को संबंधित विभागों से जरूरी एनओसी लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इस परियोजना में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

अधिकारियों के मुताबिक ओवरब्रिज के लिए 9962.63 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें सेतु निगम का हिस्सा 8540.85 लाख रुपये और रेलवे का हिस्सा 1421.78 लाख रुपये है। परियोजना का निर्माण नाबार्ड-28 योजना के तहत कराया जा रहा है। इसका काम मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक परियोजना का करीब 63 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

Related Articles

Back to top button