माखन चोरी लीला देख श्रद्धालु हुए भावविभोर

वृंदावन की रंगरसिया मंडली ने बाल कृष्ण की नटखट लीलाओं का किया सजीव मंचन

जसवंतनगर,इटावा। नगर की ऐतिहासिक मैदानी रामलीला के मैदान में सोमवार रात नौ बजे पांच दिवसीय रासलीला के दूसरे दिन भगवान श्रीकृष्ण की माखन चोरी लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। वृंदावन से आई रंगरसिया रासलीला मंडली के कलाकारों ने बाल गोपाल की नटखट लीलाओं को सजीव रूप में प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भक्ति संगीत से पूरा मैदान भक्तिमय हो गया।

पुराणों में वर्णित है कान्हा की माखन चोरी की लीला

धार्मिक मान्यताओं और श्रीमद्भागवत महापुराण में वर्णित कृष्ण की बाल लीलाओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण को गोकुल में माखन अत्यंत प्रिय था। वे अपने ग्वाल-बाल सखाओं के साथ गोपियों के घर पहुंचकर माखन चुराकर खाते और अपने साथियों को भी खिलाते थे। उनकी इन नटखट शरारतों से गोपियां कभी यशोदा मैया से शिकायत करतीं तो कभी स्वयं कान्हा की बाल सुलभ अदाओं पर मुग्ध हो जाती थीं। माखन चोरी की लीला को भगवान के बाल स्वरूप की निश्छलता, प्रेम और भक्ति से जोड़कर देखा जाता है।

मंचन के दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल सुलभ चंचलता, गोपियों के साथ संवाद और माखन चोरी के प्रसंगों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया। मनमोहक अदाकारी और भक्ति गीतों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। पूरे कार्यक्रम के दौरान रामलीला मैदान में भक्तिमय माहौल बना रहा।

रासलीला मंडली के संचालक अवधेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया। कार्यक्रम का आयोजन श्री रामलीला महोत्सव समिति के प्रबंधक राजीव कुमार गुप्ता तथा उप प्रबंधक ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर और शुभश्री गुप्ता के दिशा-निर्देशन में किया गया।

Related Articles

Back to top button