जनसुनवाई में डीसीपी ने सुनी फरियाद, लापरवाही पर तय होगी पुलिसकर्मियों की जवाबदेही

गाजियाबाद। फरियादियों की शिकायतों को लंबित रखने और कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करने वाले पुलिसकर्मियों पर अब वरिष्ठ अधिकारियों की नजर रहेगी। मंगलवार को पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने पुलिस से संबंधित अपनी शिकायतें डीसीपी के सामने रखीं। डीसीपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति की जानकारी ली। जिन मामलों में पुलिस स्तर से कार्रवाई की जरूरत थी, उनमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीसीपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पुलिस अधिकारी शिकायत के तथ्यों की जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करें और फरियादी को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार पुलिस कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने थाना और चौकी स्तर पर शिकायतों की निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। किसी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखने, टालने या कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर संबंधित पुलिसकर्मी की जवाबदेही तय करने के संकेत दिए गए।

डीसीपी ने अधिकारियों से कहा कि गंभीर शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारी स्वयं प्रकरण की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बनाए रखते हुए पीड़ित की समस्या का समय से समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए

Related Articles

Back to top button