दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक गंभीर घायल

पिलखुवा। हापुड़ जिले के पिलखुवा में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सरस्वती मेडिकल कॉलेज से निजामपुर जाने वाली सर्विस रोड पर रेलवे ब्रिज के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंभावली थाना क्षेत्र के बक्सर गांव निवासी 47 वर्षीय वसीम अपनी 52 वर्षीय पत्नी शाहीन के साथ मोटरसाइकिल से पिलखुवा से हापुड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर चमनपुरी निवासी राशिद सवार था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वसीम की बाइक सर्विस रोड पर गलत दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही राशिद की बाइक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए नजदीकी सरस्वती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद वसीम और उनकी पत्नी शाहीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राशिद का उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक दंपती के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button