फांसी पर लटका मिला पुत्रवधु का शव
घर में सास-ससुर और पति की गैर मौजूदगी में फांसी पर झूली महिला

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुड़ेना (समसपुरा) में रविवार की शाम करीब 5 बजे घर के अन्दर एक महिला कोमल उर्फ सोनाली 22 वर्ष पत्नी बृजेश कुमार का शव फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक-फिंगर प्रिंट टीम बुलाकर घटना स्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटकर मृतका कोमल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया है।
घटना स्थल पर रोते बिलखते मृतका की बुजुर्ग सास प्रेमा देवी पत्नी सियाराम ने पुलिस को बताया कि मृतका उसकी छोटी पुत्रवधु थी,उसका बेटा ट्रक ड्राइवर है वह ट्रक लेकर पंजाब गया हुआ था,जबकि घटना के दौरान वह बकरियां चराने गई हुई थी और बीमार ससुर सियाराम घर के बाहर दोपहर में एक कमरे में सो रहे थे।
उन्होंने बताया बकरियां चराकर वापस लौटने पर घर का दरवाजा अन्दर से बन्द देख वह काफी समय तक अपनी पुत्रवधु कोमल को आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास करती रही,लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने पड़ोस के घर से अपनी छत पर पहुंचकर जब घर में प्रवेश किया तो देखा उसकी पुत्रवधु कोमल घर के अन्दर कमरे में फांसी के फंदे पर झूल रही थी। उसकी चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए।
उसके बेटे बृजेश की मात्र दो वर्ष पूर्व कोमल के साथ शादी हुई थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि पति बृजेश और पत्नी कोमल के बीच फोन पर कोई बात चीत होने के बाद कोमल अन्दर से दरवाजा बन्द कर फांसी के फंदे पर झूल गई।
कोमल की फांसी लगने से मौत की खबर मिलते ही उसके मायके वाले गांव पहुंच गए हैं। जबकि पत्नी कोमल की मौत की खबर सुनकर ट्रक पंजाब में छोड़कर पति बृजेश गांव पहुंच रहा है।



