डीएम ने ऊँचाहार देहात प्रधान धनराज यादव को योजना समिति में किया नामित

ऊँचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सुखद खबर है । ऊंचाहार देहात के प्रधान धनराज यादव को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जिला योजना समिति का सदस्य नामित किया है । इस मनोनयन से प्रधानों में खुशी है ।

जिलाधिकारी ने इनके साथ अमावा ब्लॉक के बावन बुजुर्ग बल्ला के प्रधान राम लखन को भी जिला योजना समिति में सदस्य नामित किया है । डीएम ने 2026-27 वर्ष की आगामी बैठकों के लिए इन्हें भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु नामित किया है । यह मनोनयन एक वर्ष की अवधि के लिए किया गया है । जिला योजना समिति में नामित होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और प्रधान संघ के पदाधिकारियों ने धनराज यादव को बधाई दी है। ग्राम प्रधान धनराज यादव ने कहा है कि जिला योजना समिति के सदस्य के रूप में वे अपने क्षेत्र ऊंचाहार देहात के विकास कार्यों को प्राथमिकता से जिला स्तर पर रख सकेंगे। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने में उन्हें सहयोग मिलेगा।

उन्होंने डीएम और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे।

—————————————

अलग-अलग स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटना में चार लोग

ऊँचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के अलग अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में कुल चार लोग घायल हो गये, जिसमें दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पहली घटना कस्बे के थाना रोड की है, जहां मंगलवार की दोपहर सड़क पार करते समय गुड़िया गोपालपुर गाँव की उर्मिला देवी 50 वर्ष को बाइक सवार ने टक्कर मार दी, स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया।

दूसरी घटना ऊँचाहार सलोन मार्ग पर धौरहरा के पास की है, जहां मंगलवार की दोपहर ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, घटना में उसरैना गाँव निवासी ई रिक्शा सवार सुरेश कुमार 40 वर्ष, प्रमिला 26 वर्ष व रामसुमेर 30 वर्ष घायल हो गये, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रोहनियां सीएचसी में भर्ती कराया।

वहीं इस बाबत सीएचसी अधीक्षक रोहनियां डॉ अनवर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोग सीएचसी आये थे, जिसमें सुरेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जबकि सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल महिला उर्मिला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Related Articles

Back to top button