कर्तव्यपथ पर शहीद हुए मुख्य आरक्षी को दी गई अंतिम विदाई

इटावा। पुलिस विभाग के कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और निडर मुख्य आरक्षी सुरेंद्र कुमार मौर्य को रविवार सुबह पुलिस लाइन इटावा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हुए निधन के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर व्याप्त है।

दिवंगत आरक्षी का पार्थिव शरीर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचते ही माहौल भावुक हो उठा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस जवानों ने शस्त्र झुकाकर अंतिम सलामी दी। साथी पुलिसकर्मियों की आंखें नम थीं और वातावरण शोकाकुल हो चुका था।

कैसे हुआ हादसा

शनिवार शाम जसवंतनगर तहसील तिराहे के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार में आ रहा 20 चक्का ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पुलिस की डायल 112 गाड़ी और पास खड़ी टाटा टिगोर कार पर चढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक नशे में धुत था और वाहन पर नियंत्रण खोते ही वह मौके पर ही ट्रेलर से कूद गया, जिसके बाद भारी वाहन सीधे पुलिस वाहन पर चढ़ गया। दुर्घटना में पीआरवी पर तैनात मुख्य आरक्षी सुरेंद्र मौर्य (37) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सैफई पीजीआई ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में सुधांशु (35) निवासी फर्रुखाबाद समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

सभी घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालात गंभीर होने पर सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, ललित चतुर्वेदी और शुभम वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर कुछ समय बाद यातायात सुचारु किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरा पुलिस विभाग शोक में, पैतृक गांव के लिए रवाना हुआ पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन लाया गया, जहां अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और साथियों ने अंतिम दर्शन कर विदाई दी। इसके बाद पुलिस की टुकड़ी ने कंधा देकर उन्हें अंतिम सम्मान दिया। मुख्य आरक्षी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।

डायल 112 वाहन हादसे में घायल सिपाही की मौत

पुलिस परिवार ने भावुक होते हुए कहा मुख्य आरक्षी सुरेंद्र मौर्य ने वर्दी की शपथ निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान हमेशा अमर रहेगा। सिपाही सुरेंद्र मौर्य की ड्यूटी के दौरान हुए निधन से पुलिस विभाग को गहरी क्षति पहुंची है। साथी जवानों ने कहा कि सुरेंद्र शांत, विनम्र और अपने कार्य के प्रति बेहद समर्पित थे।

Related Articles

Back to top button