स्वास्थ्य अधिकार-कानूनी सहायता पर लगा जागरूकता शिविर
जसवंतनगर में मनाया सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा दिवस

जसवंतनगर,इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा दिवस पर क्षेत्र में दो स्थानों पर विधिक साक्षरता और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गिहार कॉलोनी कोठी कैस्त में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन राम सुंदर ने किया। उन्होंने लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पाँच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार, स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर मिलती दवाओं और जाँचों सहित विभिन्न सरकारी सुविधाओं के बारे में बताया। फार्मासिस्ट लक्ष्मीनारायण ने आवश्यक दवाओं,उनके उपयोग और सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं की सूची पर विस्तार से जानकारी दी
दूसरा कार्यक्रम रेलमंडी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ, जिसका संयोजन लालमन ने किया। लालमन ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विवादों अवैध शुल्क,बीमा दावों और उपचार से जुड़ी शिकायतों के निपटारे में लोक अदालतों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि लोक अदालतें त्वरित और सुलह आधारित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। माताओं को जननी सुरक्षा योजना,जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम तथा अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने में भी सहायता उपलब्ध कराई गई।



