अपराधियों पर शिकंजा: मऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर चोर गिरफ्तार

मऊ पुलिस अधीक्षक इलामारन के कुशल निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मऊ पुलिस को रविवार, 21 सितंबर 2025 को बड़ी सफलता हाथ लगी। थाना दक्षिण टोला पुलिस ने रैनी बगीचा क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दो कुख्यात अंतरजनपदीय चोरों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान भूपेंद्र यादव (निवासी कोदई, थाना नगरा, बलिया) और अखिलेश राम (निवासी परजीपार, थाना कासिमाबाद, गाजीपुर) के रूप में हुई है। दोनों पर कई जनपदों में चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने का आरोप है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इनमें तीन चोरी की मोटरसाइकिलें (हीरो सुपर स्प्लेंडर, हीरो सीडी डीलक्स, टीवीएस अपाचे), दो चोरी के सोलर पैनल, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (UP61 BT 9225), एक 315 बोर तमंचा, एक 12 बोर तमंचा, दोनों बोर के जिंदा कारतूस तथा चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 5000 रुपये नकद शामिल हैं। बरामदगी से स्पष्ट है कि अभियुक्त बड़े स्तर पर अपराध को अंजाम दे रहे थे।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त मऊ, बलिया और आजमगढ़ जनपदों में सक्रिय थे। ये लोग खासतौर पर मोटरसाइकिल व मोबाइल टावरों पर लगे सोलर पैनल चोरी कर आसपास के जिलों में बेच देते थे। 12 सितंबर 2025 को सुल्तापुर उर्फ बनौरा स्थित रिलायंस जियो टावर से हुई सोलर पैनल चोरी में भी इनकी संलिप्तता पाई गई। इस घटना को लेकर थाना दक्षिण टोला में मुकदमा दर्ज था।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 192/2025, धारा 303(2)/317(2)/317(4)/317(5)/319(2)/318(4)/338/336(3)/340(2) बी.एन.एस. और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
एसपी इलामारन ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस सफलता से जनता में राहत और विश्वास का माहौल पैदा हुआ है।



