कांग्रेस ने बिजली विभाग और सरकार पर उठाए सवाल
अधिक बिजली बिल देखकर सदमे से मौत के बाद आश्रितों से मिलने पहुंचा कांग्रेस डेलिकेशन

भरथना,इटावा। विगत दिनों भरथना तहसील के कस्बा मोहल्ला महावीर नगर निवासी 55 वर्षीय बिजली उपभोक्ता शिवपाल सिंह कश्यप की स्मार्ट मीटर में आये भारी भरकम बिजली बिल (1लाख 60 हजार) को देख उसे गहरा सदमा लगने के दौरान हृदयाघात से दुखद मौत हो गई थी।
जिस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (पूर्व मंत्री) को जब इस हृदय विदारक घटना की जानकारी ज़िला पदाधिकारीयों द्वारा दी गई। तब मामले की गंभीरता को समझते हुए उसे संज्ञान में लेकर उन्होंने पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव, ज़िला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल मृतक शिवपाल सिंह कश्यप के आवास पर पहुंच। प्रतिनिधि मंडल जब मृतक के आश्रित परिजनों से मिला तो उसकी बेटी सोनम ने संपूर्ण घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसके पिता स्व. शिवपाल सिंह कश्यप के पास बिजली विभाग द्वारा जब यह 1 लाख 60 हजार रूपए का बिल भेजा गया, तो उनके होश उड़ गए।
सोनम के अनुसार उसके पिता चार पहिया ठेला पर चाय बिक्री का कार्य करते थे उसके घर में भी किसी प्रकार के बिजली चलित आधुनिक उपकरण नहीं हैं,बिना कारण इतनी बड़ी रक़म का बिजली बिल देखकर वह तत्काल सारा काम बंद करके बिल संशोधन के लिए बिजली विभाग के सभी दफ्तरों के चक्कर काटने लगे। बेटी ने बताया कि विगत 10 फरवरी 2026 फरवरी को 1 लाख 25 हजार 659 रूपए का बिल आया था पिता उसको लेकर विद्युत उपखंड के अधिकारियों से जाकर मिले। अधिकारियों ने किसी बात का कोई संज्ञान नहीं लिया बल्कि बिजली विभाग द्वारा दिनांक 22 मार्च 2026 को दूसरा बिल लगभग 43 हजार रूपए का फ़िर थमा दिया गया। जिसको देखकर उनके पिता को एक गहरा सदमा लगा और उन्हें दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। परिवार की अन्य महिलाओं ने भी रोते हुए अपनी आप बीती प्रतिनिधि मंडल को सुनाई, उन्होंने बताया कि वह हमारे परिवार में इकलौते कमाने वाले थे उनके निधन के बाद से परिजनों के खाने के लाले पड़ गए हैं।
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल मृतक आश्रित परिवार से मिलकर उप जिलाधिकारी भरथना के पास पहुंचा और वहां उन्होंने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मृतक परिवार को 50 लाख रूपए का आर्थिक मुआवजा एवं परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने का अनुरोध किया गया। कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते एक घर में मातम छा गया इसलिए दोषी बिजली अधिकारियों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई। प्रतिनिधि मंडल में नगर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद एवं पूर्व ज़िला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने पीड़ित एवं दुखी परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। मोहल्ला महावीर नगर की उस संकरी से गली में प्रतिनिधि मंडल के पहुंचते ही गली वासियों ने भी बिजली से संबंधित अपनी-अपनी समस्याओं की झड़ी लगा दी। ज़िला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने कहा कि भाजपा सरकार में जिस तरह से गरीब जनता का दोहन हो रहा है उसके विरुद्ध कांग्रेस पार्टी शीघ्र ही एक बड़ा आंदोलन करेगी। कहीं बिजली,कहीं गैस, कहीं पेट्रोल जैसी आधारभूत समस्याओं को लेकर आज देश और प्रदेश का ग़रीब जनमानस त्राहिमाम कर रहा है।
प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से सुखीराम सिंधी पीसीसी मेंबर,कोमल सिंह कुशवाहा पीसीसी मेंबर, प्रशांत तिवारी पीसीसी मेंबर,अरुण यादव पीसीसी मेंबर,महेन्द्र पाल भूरे ज़िला उपाध्यक्ष,सतीश नागर ज़िला उपाध्यक्ष,प्रेरणा ज़ुबैरी ज़िला प्रवक्ता, रणवीर सिंह यादव अध्यक्ष ब्लाक भर्थना,संजीव त्रिपाठी अध्यक्ष ब्लाक महेवा,आनंद प्रकाश पोरवाल जिला कोषाध्यक्ष, हरेन्द्र त्रिपाठी पूर्व प्रधान अध्यक्ष जिला किसान कांग्रेस कमेटी,बृजेश शर्मा, सतीश पोरवाल आदि शामिल रहे।



