किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

गाजियाबाद। विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ समेत विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। किसान दिवस में किसानों ने सिंचाई, पेयजल, सड़क, मिट्टी खनन और पशु टीकाकरण से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत में उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या किसानों के सामने पढ़कर सुनाई। कुछ शिकायतों के निस्तारण पर किसानों ने संतोष जताया, जबकि लंबित मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। संतोषजनक अनुपालन आख्या नहीं मिलने वाले विभागों के मामलों में टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण कराने के आदेश भी दिए गए।
कलछीना में नाले में पानी और पेयजल की समस्या पर सख्ती
भोजपुर क्षेत्र के ग्राम कलछीना में नाले में पानी नहीं आने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं पानी की टंकियां खराब होने के कारण पेयजल की समस्या की शिकायत पर मंडी समिति सचिव को दो दिन में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मिट्टी खनन की शिकायत पर तत्काल रिपोर्ट तलब
रजापुर क्षेत्र के ग्राम दौसा बंजारपुर में मिट्टी खनन की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने जिला खनन अधिकारी को शिकायतकर्ता से संपर्क कर मामले की जांच करने और तत्काल आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
फरूखनगर-सिरौरा की टूटी सड़क का होगा निरीक्षण
लोनी क्षेत्र के ग्राम फरूखनगर से सिरौरा जाने वाली सड़क की खराब स्थिति की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।



